कोरोना की बढ़ती रफ़्तार को देखते हुए बिहार में बच्चों के लिए आज बड़ी शुरुआत हुई है। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने इंदिरा गांधी इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (IGIMS) में 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम को शुरू किया है। IGIMS में लखीसराय की रितिका को सबसे पहला कोरोना टीका लगा।
आज पटना के 87 और बिहार के 2,801 वैक्सीनेशन सेंटर पर बच्चों को टीका दिया जायेगा। गया में सबसे अधिक 243 सेंटर बनाए गए हैं, जबकि दूसरे नंबर पर भोजपुर है जहां 229 वैक्सीनेशन सेंटर बने हैं। वैक्सीनेशन को लेकर जिलों को अलग-अलग जोन में बांटा गया है। इसमें ग्रीन जोन, येलो जोन और रेड जोन है। ग्रीन जोन में उन जिलों को रखा गया है जहां 200 से अधिक सेंटर हैं। इसके बाद येलो जोन है, जहां 100 के नीचे सेंटर हैं। वहीं, रेड जोन में 50 से कम सेंटर हैं।
इसके साथ हीं IGIMS में जीनोम सिक्वेंसिंग की भी शुरुआत हो गयी है। हालाँकि, IGIMS में मशीन पहले से हीं उपलब्ध थी, लेकिन अब रिएजेंट भी मंगा लिया गया है। इसके पहले बिहार से नमूनों को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए नई दिल्ली स्थित ‘नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल’ भेजा जाता था।
