Bihar News: दक्षिण पश्चिम मॉनसून के 15 जून तक बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में पहुंचने का अनुमान है। इस बात की जानकारी मौसम विज्ञान विभाग ने दी है। विभाग के मुताबिक, केरल में आया दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी मध्य अरब सागर और देश के कई तटीय राज्यों में आगे बढ़ गया है।

पटना
बिहार में मौसम का मिजाज (Bihar me Mausam ka hal) पिछले कुछ दिनों से बदला हुआ है। कभी तेज धूप से लोग परेशान नजर आ रहे हैं तो कई बार अचानक बारिश से जनजीवन प्रभावित हो जाता है। मौसम विभाग की मानें तो ये हाल सिर्फ बिहार का ही नहीं है, देश के अलग-अलग हिस्सों में भी मौसम का ऐसा ही मिजाज बदला नजर आ रहा है। इस सबके बीच चर्चा इस बात की है कि आखिर बिहार में मॉनसून (Bihar Monsoon Update) की एंट्री कब तक होगी। IMD के मुताबिक, सूबे में अगले 10 दिनों में मॉनसून दस्तक दे देगा।

15 जून तक बिहार पहुंच जाएगा मॉनसून: IMD
दक्षिण पश्चिम मॉनसून के 15 जून तक बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में पहुंचने का अनुमान है। इस बात की जानकारी शनिवार को मौसम विज्ञान विभाग ने दी। विभाग के मुताबिक, केरल में आया दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी मध्य अरब सागर और देश के कई तटीय राज्यों में आगे बढ़ गया है। कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कई हिस्सों से होते हुए मॉनसून का विस्तार अब बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर हिस्सों तक हो गया है।