अमेरिका ने दुनिया के सबसे तेज़ सुपर कंप्यूटर का ताज फिर से अपने नाम कर लिया है। दरअसल, अमेरिका ने ‘फ्रंटियर’ (Frontier) नाम से एक सुपर कंप्यूटर बनाया है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली सुपर कंप्यूटरों की टॉप 500 सूची के अनुसार, फ्रंटियर, अब दुनिया का सबसे फ़ास्ट सुपर कंप्यूटर है। इसने जापान के रिकेन इंस्टीट्यूट और फुजित्सु द्वारा विकसित फुगाकू (Fugaku) को पीछे छोड़ दिया है।
यह सुपर कंप्यूटर 1.1 एक्साफ्लॉप्स के लिनमार्क बेंचमार्क स्कोर तक पहुंच गया है, जिससे यह एक्सास्केल स्पीड बैरियर को तोड़ने वाला दुनिया का पहला सुपर कंप्यूटर बन गया है। यह हेवलेट पैकार्ड एंटरप्राइज (HPE) आर्किटेक्चर का उपयोग करके बनाया गया है और एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस (AMD) प्रोसेसर से लैस है। फ्रंटियर में कुल 8,730,112 कोर हैं और यह लेटेस्ट HPE Cray EX235a आर्किटेक्चर पर बनाया गया है और AMD EPYC 64C 2GHz प्रोसेसर के साथ संचालित है।
यू.एस. ऊर्जा विभाग (U.S. Department of Energy) की ओक रिज नेशनल लेबोरेटरी (Oak Ridge National Laboratory) में फ्रंटियर सुपरकंप्यूटर जैविक, भौतिक और रासायनिक विज्ञानों में जटिल वैज्ञानिक रिसर्च के मॉडलिंग और अनुकरण में मदद करने में सक्षम होगा। इसका उपयोग AI मॉडल विकसित करने के लिए किया जा सकता है जो 4.5X तेज और 8X बड़े हैं।
