म्यूजिक इंडस्ट्री के बादशाह एआर रहमान (A R Rahman) की बेटी खातिजा (Khatija) ने सगाई कर ली है। खातिजा ने खुद अपनी मंगनी की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर कर ये जानकारी फैंस के साथ साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने अपने मंगेतर रियासदीन शेख मोहम्मद (Riyasdeen Shaik Mohamed) के बारे में भी बताया है।
खातिजा रहमान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कोलाज शेयर किया है। इसमें एक तरफ उनके मंगेतर रियासदीन शेख मोहम्मद की और दूसरी तरफ खातिजा की तस्वीर है। उन्होंने इसके साथ लिखा है, ‘ईश्वर के आशीर्वाद से उद्यमी और ऑडियो इंजीनियर रियासदीन शेख मोहम्मद के साथ सगाई की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। मेरे बर्थडे पर 29 दिसंबर को सगाई हुई है, जिसमें फैमिली और करीबी लोग शामिल हुए थे।’
इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि खातिजा पिंक कलर के आउटफिट में काफी सुंदर लग रही हैं। इस दौरान उन्होंने मास्क से अपना चेहरा ढका हुआ है लेकिन उनका मास्क भी उनके आउटफिट से मैच हो रहा है। वहीं, कोलाज में दूसरी तरफ रियासदीन शेख मोहम्मद की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर को लगाया गया है, जिसमें वह काफी स्मार्ट लग रहे हैं।
बुर्के पर हुआ था विवाद
दो साल पहले एआर रहमान ने बेटी खतीजा के बुर्का पहनने पर हुए विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा था-मेरी बेटी ने गाना गाया और उसे उसके लिए काफी प्यार मिला। मेरे बच्चों की परवरिश इस तरह से हुई है कि उन्हें अच्छे और बुरे में फर्क पता है और वो जो करना चाहते हैं, उसके लिए स्वतंत्र हैं। खतीजा का बुर्का पहनना एक धार्मिक महत्व से जुड़ा फैसला है और वो इसे पहनना चाहती है इसलिए पहनती है। उसे क्या पहनना है, यह फैसला उसका है। मैं आलोचनाओं को लेकर किसी से भी प्रतिशोध की भावना नहीं रखता।
