बिहार के बेतिया जिले के नौतन थाना के तेलहुआ ब्रह्म टोला में शुक्रवार, 3 जून की सुबह कुछ इंचों की जमीन के लिए एक युवक की हत्या कर दी गयी है। मात्र 9 इंच की जमीन के लिए बेतिया जिले में 18 वर्षीय रामाशीष कुमार की हत्या कर दी गयी है। आज सुबह 8 बजे पड़ोसियों ने उसके सिर पर फरसा से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जबकि मृतक के पिता शोभी यादव (50), चाचा मैदान यादव (47), चाची मीरा देवी (45) को मारकर घायल कर दिया।
पुलिस अधीक्षक उपेंद्ननाथ वर्मा ने बताया कि रामाशीष की मौत जीएमसीएच पहुंचने के क्रम में हो गयी। अस्पताल के पुलिस चौकी प्रभारी श्यामकिशोर यादव मौके पर पहुंचकर शव के पोस्टमार्टम कराने में लगे हैं। घटनास्थल पर छानबीन के लिए नौतन थानाध्यक्ष खालिद अख्तर को भेजा गया है। घटना में शामिल दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में मौजूद मृतक के चाचा मैदान यादव ने बताया कि उनके पड़ोसी शिवनाथ यादव व रामनाथ यादव अपना मकान बना चुके हैं। कुछ दिनों से वे लोग दावा कर रहे थे कि उनकी दीवार के बाद नौ इंच जमीन है। जिसके बाद 3 जून की सुबह 6 बजे शिवनाथ और अन्य को गाली देने लगे। मना करने पर मारपीट शुरू कर दी गयी। जिसमें मदन यादव और उनकी पत्नी मीरा देवी जख्मी हो गई।
लोगों ने भी इस मामले को शांत करा दिया। उस समय मदन यादव के बड़े भाई व मृतक रामाशीष के पिता शोभी यादव दूध बांटने गए थे। वे 8 बजे के करीब जब घर वापस लौटे और घटना के बारे में पूछा। इसी बीच आरोपी आ धमके और शोभी यादव को मारने लगे। रामाशीष पिता को बचाने गए तो कृष्णा यादव ने फरसा से उसके सिर पर वार कर दिया। जिसके बाद वह गंभीर रूप से जख्मी होकर मौके पर ही गिर गया। जिसके बाद परिजन उसे उठा जीएमसीएच लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
