dulhan

पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी की रहने वाली लवली अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह की सरगना निकली। वह पटना में बैठकर गिरोह का संचालन करती थी। उनकी चोरी की प्लानिंग देख Money Heist के प्रोफेसर भी सोचने पर मजबूर हो जाये। ये अलग बात है की उनकी चोरी इतनी बड़ी ना होकर, गाड़ियों तक ही सीमित थी। गाड़ियों की इस चोरी में लवली का सबसे बड़ा साथी था उनका हुस्न।

ये हसीन दिलरूबा लवली, सुनसामन राहों पर खुद को अबला बताकर कार चालकों से लिफ्ट मांगती। रास्‍ते में पहले से बने प्‍लान के अनुरूप वह गाड़ी रोकवाती, और वहां उसके साथी लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। हालांकि, अब वह गिरोह के पांच अपराधियों के साथ रांची के बुढ़मू थाने की पुलिस के हत्‍थे चढ़ चुकी है। उनके पास चोरी के तीन चारपहिया वाहन बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार अपराधियों में चान्हो थाना क्षेत्र के तरंगा निवासी फरीद खान, पटना की लवली सिंह एवं हजारीबाग के शिवकुमार, अशफाक अंसारी, मो. अजहर व मुश्ताक आलम उर्फ अरमान शामिल हैं।

बीते एक दिसंबर को बुढ़मू थाना क्षेत्र के पाथकोइ गांव में आई बरात में, लवली के गिरोह ने जंगल के रास्‍ते गुजर रही दूल्‍हे की गाड़ी घेरी। दूल्‍हे को जंगल में ही उतार कर उसकी स्विफ्ट गाड़ी लूट ली थी। मामले की पड़ताल करती पुलिस को शादी के वीडियो फुटेज में एक संदिग्‍ध दिखा। वही लाइनर का काम कर रहा था। संदिग्‍ध को पुलिस ने उठाया। वह फरीद खान निकला। इसके बाद तो मामला परत दर परत खुलता चला गया और वाहन चोर गिरोह की महिला सरगना लवली समेत सभी की गिरफ्तारी हुई। उनकी निशानदेही पर तीन गाड़ी, छह मोबाइल, गाड़ी के फर्जी कागजात और नगद 34 हजार रुपये बरामद हुए।

पुलिस गिरफ्त में आई महिला सरगना का ग्लैमरस ठाट-बाट देख पुलिस भी हैरान रह गई। वह खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए पु‍लिस पर धौंस जमाने का प्रयास किया। ले‍किन पु‍लिस ने जब सख्‍ती की तो उसकी सारी पोल खुल गई। बताया कि वह सुनियोजित तरीके से गिरोह चला रही थी। वह महंगे होटल में रुकती थी। किसी को कोई शक नहीं हो इस कारण वह कपड़े भी महंगे-महंगे पहनती थी।

अपराधियों ने पुलिस को बताया कि उनके निशाने पर महंगी महंगी गाड़‍ियां होती थीं। वे शादी समारोह में ऐसी गाड़‍ियों पर नजर रखते और वहीं से गायब करते थे। चोरी की गाड़‍ियों का नया इंजन और चेचिस पर फर्जी नंबर डालकर उन्हें बड़े शहरों में बेच देते थे। बुढ़मू से गाड़ी चोरी होने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर सरगना लवली को पकड़ा तब पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।