भागलपुर जिले से बड़ी वारदात की खबर सामने आ रही है। बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार, 24 जून को बेखौफ बदमाशों ने एक स्वर्ण कारोबारी से 30 किलोग्राम चांदी की लूट की है। बदमाशों ने यह वारदात तिलकामांझी थाना क्षेत्र के पटल बाबू रोड स्थित सुपर मार्केट कॉन्प्लेक्स के बगल वाली गली में अंजाम दिया है।
बता दें कि लूट हुई इस चांदी की कीमत 18 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक स्वर्ण कारोबारी रतनलाल वर्मा कोलकाता से चांदी लेकर लौटे थे। बस से उतरने के बाद कारोबारी के बेटे पवन वर्मा ने चांदी वाला थैला उनसे ले लिया और स्कूटी से घर लौट रहा था। पवन ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें पहले ओवरटेक कर रोका और फिर हथियार के बल पर चांदी लूट कर वहां से फरार हो गए।
इस वारदात की सुचना मिलते ही मौके पर एएसपी सिटी शुभम आर्य, तिलकामांझी थाना प्रभारी राजरतन कुमार, जोगसर थाना प्रभारी अजय कुमार अजनबी और सबौर थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह पहुंचे। पुलिस ने पूरे घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। एएसपी सिटी ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
