बिहार के लगभग हर जिले में डेंगू का कहर देखने को मिल रहा है। पटना, सिवान, छपरा, भागलपुर सहित बिहार के जिलों में डेंगू का तेजी फैल रहा है। राजधानी की बात करें तो पटना के सभी इलाकों में डेंगू फैल चुका है। और इधर सरकारी अस्पतालों में जांच के लिए किट तक उपलब्ध नहीं है। जिसकी खोज खबर अब जाकर सरकार को पड़ी है।
सोमवार, 11 अक्टूबर को डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने डेंगू की जांच के लिए अस्पतालों में पर्याप्त किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने और अनुमंडल से लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में बेड बढ़ाने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माधयम से मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों व सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व अधीक्षकों, नगर आयुक्तों व नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों से बात की और डेंगू के इलाज को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया।
विभाग द्वारा बताया गया कि राज्य में डेंगू के मामले बढ़े हैं। पटना जिले में सबसे अधिक डेंगू के मरीज मिले हैं। मुख्य सचिव ने डेंगू के बढ़ते मामले को देखते हुए बिहार चिकित्सा सेवाएं आधारभूत संरचना निगम (बीएमएसआइसीएल) से मांग करने या आवश्यकतानुसार स्थानीय स्तर पर खरीद करने को कहा।
इधर राजधानी के सरकारी अस्पतालों में बेड की बात करें तो पीएमसीएच (PMCH) में 100 बेड व शेष सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 50-50 बेड, जिला अस्पतालों में 10-10 बेड व अनुमंडलीय अस्पतालों में 5-5 बेड आरक्षित करने को विभाग द्वारा कहा गया है। डेंगू के भर्ती मरीजों के लिए अस्पताल में मच्छरदानी की भी आपूर्ति होगी।
इसके साथ साप्रदेश के सभी जिलों के सरकारी विद्यालयों के लिए मार्गदर्शिका जारी की है। जिसमें सभी विद्यालयों में फूल पैंट और फूल शर्ट छात्रों को पहनने की सलाह दी गयी।
