शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सुकृष्णा कॉमर्स अकेडमी ने रविवार को सम्मानित किया। इस संस्थान द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में राजवंशी नगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में 25 शिक्षकों सहित 10 विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रविशंकर प्रसाद, विशिष्ट अतिथि बॉलीवुड अभिनेता शक्ति कुमार, मोटिवेशनल स्पीकर इंजी. प्रो. रमन सिंधी, सुकृष्णा कॉमर्स अकेडमी के संस्थापक सीए बिनय कुमार, संस्थान के प्रबंध निदेशक सीए विवेक कुमार व कार्यकारी निदेशक एच एस तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।
इसके पश्चात आगत अतिथियों ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए 25 शिक्षकों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनका सम्मान किया। इसके साथ ही 10 विभूतियों का भी सम्मान किया गया जिनमें गायक भवानी पांडेय, शिक्षाविद स्नेहा राय, आरजे श्रेयांश, मिस ग्लोबल बिहार ख़ुशी सिंह, शिक्षाविद संतोष कुमार शर्मा, मिसेज ग्लोबल बिहार डॉ. सुखप्रीत कौर, कृषि क्षेत्र से धीरू कुमार सहित अन्य लोग शामिल थे। इस कार्यक्रम में कॉमेडियन सौरभ सिंह और गायिका आयुषी दुबे ने अपने दमदार परफॉरमेंस से लोगों का खूब मनोरंजन किया। वहीं डांस ट्रूप ने भी अपने जबरदस्त परफॉरमेंस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस समारोह में पहुंचे शिक्षकों में गजब का उत्साह दिखा।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री रविशंकर प्रसाद ने सभी शिक्षकों को सम्मान पाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने से अन्य शिक्षकों को भी और बेहतर ढंग से कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। सुकृष्णा कॉमर्स अकेडमी के संस्थापक सीए बिनय कुमार ने कहा कि बच्चों का भविष्य गढ़ने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सरोकार से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा और लगन के साथ जुटे रहने वाले शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा के प्रति उनके समर्पण का सम्मान है।
वहीं अपने संबोधन में संस्थान के प्रबंध निदेशक सीए विवेक कुमार ने कहा कि यह आयोजन अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा श्रोत साबित होगा। इससे शिक्षकों को होने शिक्षण कार्य को और बेहतर ढंग से करने का प्रोत्साहन मिलेगा। संस्थान के कार्यकारी निदेशक एच एस तिवारी ने समारोह में सम्मान पाने वाले शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है और इस जिम्मेदारी को इन शिक्षकों ने बखूबी निभाया है। कार्यक्रम में सुकृष्णा कॉमर्स अकेडमी के सैकड़ों बच्चों सहित संस्थान के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
