सावन महीने में बिहार-झारखंड में शिव भक्तों का हुजूम जुटता है। और तभी श्रावणी मेले का आयोजन होता है। इसी को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने भागलपुर और जसीडीह के लिए पटना, गया और रक्सौल से तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। श्रावणी मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ये फैसला लिया है।
14 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले में कांवरिया भागलपुर के सुल्तानगंज से गंगा जल भर कर झारखंड स्थित देवघर बाबा धाम जाते हैं। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग ने 3 श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने की सिफारिश की, जिसकी मंजूरी मिल अब चुकी है। ये ट्रेनें पटना, गया और रक्सौल से चलेंगी। रक्सौल से भागलपुर और गया से जसीडीह के लिए सप्ताह में 5 दिन मेला स्पेशल ट्रेन चलेगी। वहीं, पटना से जसीडीह के बीच रोजोना एक श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
इन ट्रेनों का संचालन 12 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। बता दें कि अभी तक गाड़ी संख्या और ट्रेन का समय अभी तय नहीं हुआ है। सीपीआरओ ने कहा कि पूर्व मध्य रेलवे ने अभी तीन स्पेशल ट्रेनें ही चलाने का फैसला लिया है। और आगे अगर भीड़ बढ़ती है तो और ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
बता दें कि श्रावणी मेले का आयोजन 14 जुलाई से 12 अगस्त के बीच होगा। जो दुनिया भर के सबसे बड़े मेलों में शुमार है। श्रावणी मेले में रोजाना देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुँचते हैं। और इसके लिए भागलपुर के सुल्तानगंज से लेकर देवघर तक सभी सुविधाओं से युक्त कांवरिया पथ बनाया जाता है।
