राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) को झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। इसके बाद गुरुवार को रांची की सीबीआइ कोर्ट ने भी उनकी रिहाई का आदेश जारी कर दिया है। अब वे कभी भी कैद से बाहर आ सकते हैं।
जेल की सजा के दौरान बीमार लालू प्रसाद यादव फिलहाल दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS, Delhi) में इलाज करा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली एम्स से डिस्चार्ज होकर लालू बेटी मीसा भारती के दिल्ली आवास जाएंगे। वहां से वे 30 अप्रैल की शाम तक पटना आ सकते हैं।
गौरतलब है कि लालू यादव को चारा घोटाले से जुड़े डोरंडा ट्रेजरी मामले में जमानत मिली है। यह मामला डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की निकासी का है। 1990 से 1995 के बीच डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की निकासी की गई थी। 27 साल बाद कोर्ट ने इसी साल फरवरी में इस घोटाले पर फैसला सुनाया था, जिसमें लालू यादव को दोषी पाया गया था।
