बिहार में शराब की अवैध खरीदी और बिक्री को रोकने के लिए सरकार आये दिन नए हत्कंडे अपना रही है। अब इसी बीच बिहार के जिलों में शराब के अड्डों को ढूंढने के लिए बिहार सरकार ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। ड्रोन से सर्वे कर अवैध शराब कारोबारियों को पकड़ने का सिलसिला चल रहा है। लेकिन अब बिहार सरकार, हेलीकॉप्टर से सर्वे कर अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसने वाली है। जिसे लेकर बीते मंगलवार को हेलीकॉप्टर ने अपनी उड़ान भी भर ली है।
मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के अधिकारियों द्वारा पटना से बाढ़ तक हेलिकॉप्टर से गंगा दियारे के इलाकों का एरियल सर्वे किया गया। एरियल सर्वे के दौरान शराब के 5 अवैध अड्डों की पहचान की गई। मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने इसकी सूचना संबंधित पुलिस और उत्पाद अधिकारियों को दे दी। और अब इसी प्रकार पूरे बिहार में हेलिकॉप्टर की मदद से शराब के अवैध ठिकानों को खोजा जाएगा। फिर पुलिस और अधिकारियों को सूचना दी जाएगी। जिसके बाद इन ठिकानों को ध्वस्त किया जाएगा।
मद्य निषेध विभाग की इस योजना के मुताबिक बक्सर से कटिहार तक गंगा नदी और 11 इलाकों में लगातार सघन सर्वे किया जाएगा। बिहार के अवैध शराब ठिकानों पर सर्वे करने वाले इस हेलिकॉप्टर में पायलट के साथ 5 लोग बैठ सकते हैं। यह हेलिकॉप्टर हर दिन 6 से 7 घंटे तक लगातार उड़ सकता है। एरियल सर्वे के दौरान उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ अभियंता और स्पोर्ट डिटेक्शन एक्सपर्ट भी मौजूद रहेंगे। सपोर्ट डिटेक्शन एक्सपोर्ट इलाके की पहचान कर जगह चिन्हित करेंगे। मंगलवार, 22 फरवरी को इस हेलिकॉप्टर ने एक घंटे से ज्यादा की उड़ान भरी थी।
