आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। लालू यादव अपने घर में शनिवार देर रात सीढ़ी से उतरते वक़्त गिर गए। जिससे उन्हें काफी चोट आई है। इसके बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आपको बता दें कि लालू यादव के सीढ़ी से गिरने के बाद उनके दाहिने कंधे की हड्डी टूट गई और कमर में भी चोट आई थी।
इसके बाद लालू यादव की तबियत रविवार, 3 जुलाई को बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के बेली रोड स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उन्हें एक माह पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। मिल रही जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात लालू प्रसाद अपने कमरे से बाहर निकल रहे थे। उसी समय सीढ़ी पर पैर फिसल गया और वे गिर गए। उन्हें उठाकर बिछावन पर लिटाया गया। रात में ही डॉक्टर को दिखाया गया। तत्काल दवा देकर उन्हें राहत पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन सुबह होते-होते उनकी परेशानी बढ़ गई।
इसके बाद उनके बॉडी की जांच कराई गई। एमआरआई भी करवाया गया। जिसमें पता चला कि उनके दाहिने कंधे की हड्ड़ी टूट गयी है। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने लालू यादव के कंधे को मेडिकल पट्टी लगा कर बांध दिया ताकि हड्डी जुड़ सके। और फिर उन्हें आराम करने की सलाह दी गई। लालू प्रसाद पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।
मालूम हो कि लालू यादव को सीबीआई कोर्ट ने 14 जून को उनका पासपोर्ट वापस कर दिया था, क्योंकि राजद प्रमुख ने सिंगापुर में अपनी किडनी ट्रांसप्लांट कराने की इच्छा जाहिर की थी। बताया जाता है कि वह पिछले 1 साल से सिंगापुर के डॉक्टर के संपर्क में हैं। पिछले साल नवंबर में भी इस बात की चर्चा हुई थी कि वे सिंगापुर में अपना किडनी ट्रांसप्लांट करा सकते हैं।
