बिहार: सोनबरसा प्रखंड के कन्हौली थाना क्षेत्र की खाप पंचायत की महिला मुखिया, जो तीन बच्चों की मां है, अपने प्रेमी संग फरार हो गई। चार माह पूर्व मुखिया निर्वाचित हुईं 38 साल की इस महिला की कहानी जो भी सुन रहा है वो सन्न सा रह जा रहा है। मुखिया नौ मार्च से ही लापता है। लोक-लाज के कारण यह बात पति द्वारा सार्वजनिक नहीं की जा रही थी। अब मुखिया पति ने पत्नी को बहला-फुसला कर ले जाए जाने की बात तो कही है, लेकिन पुलिस सभी एंगिल से तहकीकात कर रही है।
क्या है कहानी
बताया जा रहा है कि संजय कापड़ और रेखा के पति रामअयोधी पासवान काफी अच्छे दोस्त थे। रेखा की शादी रामअयोधी पासवान से साल 1999 में हुई थी। रेखा देवी से शादी से पहले से रामअयोधी के घर पर संजय कापड़ का आना-जाना था। संजय कापड़ की पत्नी और बच्चों ने भी कई सालों से उसे छोड़ दिया है। उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ दिल्ली में रहती है। रेखा देवी को शुरुआती दौर से ही राजनीति में आने की इच्छा थी। संजय, रेखा को विधायक बनाने का भी सपना दिखाता था।
संजय कापड़ और रामअयोधी पासवान ने साल 2002 में मिलकर खाद का व्यवसाय शुरु किया था। दोनों ने अपने इस धंधे से काफी कमाई की। इसी बीच रेखा देवी और संजय कापड़ के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी। इसके बारे में परिवार के अन्य सदस्यों को कुछ भी मालूम नहीं था। साल 2003 में रेखा के पति की शिक्षक की नौकरी लग गई।
2016 में हुए मुखिया चुनाव में दोनों दोस्तों ने मिलकर रेखा को चुनाव के मैदान में उतारा था। इस दौरान रेखा को मुखिया बनाने के लिए संजय ने कोई भी कसर नहीं छोड़ी। अपने रुपए पानी की तरह बहाए। उस चुनाव में तो रेखा को सफलता नहीं मिली। लेकिन इस बीच रेखा और संजय की नज़दीकियों के बारे में परिवारवालों को भनक लग गई। परिवार ने दोनों को समझाने की कोशिश की। फिर भी दोनों छुप-छुपकर मिलते रहे। रेखा के बड़े बेटे ने अपनी मां के प्रेमी संजय को मारने के लिए भी धमकी दी थी।
कुछ दिन सब ठीक रहा लेकिन 021 में दोबारा पंचायत चुनाव नजदीक आ गए और फिर से प्रेमी और पति ने आपसी सहमति से रेखा को पंचायत चुनाव में उतार दिया। इस बार रेखा 161 मतों से चुनाव जीतकर मुखिया बन गई। लेकिन अब रेखा की जीत ने उसके पति और प्रेमी के बीच दूरियां बढ़ा दी। संजय का कहना था कि चुनाव में मेरा काफी पैसा खर्च हुआ है। उसका हिसाब कैसे होगा? रुपयों के विवाद में दोनों के बीच तल्खी बढ़ती गई।
अब बीते 9 मार्च को रेखा कुमारी अचानक घर से गायब हो गई। 15 मार्च को रेखा के पति ने स्थानीय थाने में संजय कापड़ समेत 3 लोगों के खिलाफ पत्नी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। अभी तक पुलिस के तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
