neera

भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जहां ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री तेज हो गई है, वहीं अब राजधानी में जगह-जगह लोग नीरा का आनंद उठा सकेंगे। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने नीरा का उत्पादन और बिक्री बढ़ाने का निर्देश दिया है।

राजधानी पटना में 8 शॉप पर नीरा की बिक्री हो रही है। स्थाई कांउटरों की रोज समीक्षा की जा रही है और लक्ष्य पूरा करने को लेकर प्लान किया जा रहा है। आदेश दिया गया है कि शहर में कम से कम 20 नीरा शॉप खोला जाए जिससे अधिक से अधिक लोगों को यह आसानी से मिल सके। अस्थाई काउंटर से भी अलग अलग जगहों पर स्थान चयनित कर नीरा की बिक्री की तैयारी की जा रही है।

पटना में यहां मिलेगा नीरा

पटना में समाहरणालय की कैंटीन, रजिस्ट्री ऑफिस एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले जगहों तथा गांधी मैदान के गेट नंबर 1 एवं 10, पटना के चिड़ियाखाना गेट नंबर 1,बिहार म्यूजियम, इको पार्क, मीठापुर बस स्टैंड, जीरो माइल बस अड्डा, बिस्कोमान भवन, सचिवालय भवन(ग्रामीण विकास विभाग), कंकड़बाग टेंपो स्टैंड, स्पोर्ट्स क्लब राजेंद्र नगर,पटना मेडिकल कॉलेज के साथ अन्य कई स्थानों पर नीरा की बिक्री केंद्र खोलने की तैयारी है। नीरा को गांव-गांव से लाकर पटना में बेचा जाएगा।

पटना के अलग-अलग प्रखंडों में कुल 50 नीरा काउंटर पर नीरा बेचा जा रहा है। कुल 862 सक्रिय टैपर्स को जीविका के सहयोग से मद्य निषेध विभाग, पटना की तरफ से लाइसेंस दिया गया है‌। पटना जिला में कुल 2,10,000 लीटर नीरा बिक्री का लक्ष्य रखा गया है। मौजूदा समय में प्रतिदिन लगभग 1,000 लीटर बिक्री हो रही है। डीएम डॉ सिंह ने 2,000 से 2,500 लीटर प्रतिदिन बिक्री का टॉरगेट दिया है। सगुना मोड़ पर नीरा काउंटर का उद्घाटन किया गया है। इसके बाद चिड़ियाखाना के गेट नंबर दो पर स्थित नीरा काउंटर का निरीक्षण किया गया है।

पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि आम लोगों के लिए नीरा एक स्वास्थ्य वर्धक प्राकृतिक पेय है। इसका उपयोग सभी उम्र के लोग कर सकते हैं। डीएम ने उत्पादक समूहों के माध्यम से नीरा उत्पादन एवं बिक्री करने वालों को प्रोत्साहित करने का भी निर्देश दिया।

Join Telegram

Join Whatsapp