रेलवे जंक्शन के एक नंबर प्लेटफार्म पर शुक्रवार की सुबह अमृतसर से दरभंगा जाने वाली जननायक एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। एक तेज आवाज हुई और इसके बाद लगातार झटके पर झटके लगे। उसमें सवार यात्री समझ नहीं सके कि हुआ क्या? अफरातफरी की स्थिति हो गई। जो जिस हालत में था सब बोगी से बाहर निकलने लगे। इस बीच रेलवे के कर्मी भी वहां पहुंच गए।
मालूम चला कि ट्रेन बेपटरी हो गई है। इसके बाद वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम यहां पहुंचे। इंजन काटकर शेष हिस्सों को वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए करीब दो घंटे बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे की देरी से मुज़फ़्फ़रपुर जंक्शन पहुंची थी। उसे प्लेटफार्म संख्या 1 पर खड़ी की गई थी। 10 मिनट रुकने के बाद सिग्नल दिया गया। जिसके बाद ट्रेन आगे बढ़ने लगी। थोड़ी दूर जाते ही इंजन के पास तेज आवाज हुई। फिर, ट्रेन झटका देकर रुक गई। इस दौरान ट्रेन में सैकड़ों यात्री सवार थे। बताया जाता है कि इस दौरान बोगी के भीतर बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्री हल्ला हंगामा करने लगे। जिसके बाद रेलवे के कर्मियों ने उन्हें समझाया।
