Rain

सावन के महीने में भी बिहार के लोगों को गर्मी और उमस के साथ साथ सूखे की मार भी झेलनी पड़ रही है। पिछले कई दिनों से सामान्य से बहुत कम वर्षा होने के कारण बिहार के लगभग 35 जिलों में सूखे के आसार बढ़ते जा रहे हैं। लेकिन इसी बीच मौसम विभाग की तरफ से राहत देने वाली जानकारी साझा की गयी है। मौसम विभाग द्वारा मिल रहे ताजा जानकारी के अनुसार बुधवार, 20 जुलाई से मॉनसूनी बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में मॉनसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने बुधवार, 20 जुलाई की सुबह गोपालगंज और सीवान में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। उत्तर बिहार के जिलों में बुधवार को कई जगहों पर बारिश होने के आसार सामने आये हैं। बिहार के भागलपुर समेत आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों तक बादलों के बरसने की उम्मीद जताई गयी है। राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में मंगलवार, 19 जुलाई को मौसम शुष्क दर्ज किया गया।

19 जुलाई को बिहार के शेखपुरा में सबसे ज्यादा 40.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी पटना में 37.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ी। हालांकि, भोजपुर, बक्सर, अरवल और नालंदा के कुछ इलाकों में बारिश होने से लोगों को राहत मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के दक्षिण-मध्य, दक्षिण पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और उत्तरी हिस्से में अगले 24 घंटे के भीतर मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। बुधवार, 20 जुलाई की रात तक इन इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। राज्य में अभी पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवाओं का प्रवाह सतह से डेढ़ किलोमीटर ऊपर है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों में दक्षिणी, पूर्वी और उत्तरी इलाकों में बारिश होगी।

Join Telegram

Join Whatsapp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *