2 दिनों तक चलने वाला बिहार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव 2022 की शुरुआत बिहार म्यूजियम में हो गई। इस अवसर पर कई चोटी के खेल कोच और खिलाड़ियों को बिहार राज्य खेल विकास प्राधिकरण की ओर से सम्मानित किया गया। बिहार सरकार के कला संस्कृति और युवा विभाग के मंत्री डॉ आलोक रंजन, विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी, खेल डीजी रविंद्रन शंकरण और एमएलसी व इंटरनेशनल शूटर श्रेयसी सिंह ने इन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर खेल डीजी रविंद्रन शंकरण ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चाहते हैं कि बिहार में खेल जन आंदोलन बने और यह कार्यक्रम उसी को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैंने इसके लिए सत्तू बांधकर पूरे बिहार के कई जिलों में घूमा है और बिहार में खेल की प्रतिभाओं और उसकी संभावनाओं की तलाश की है। बिहार में जूनियर लेवल पर खेल की प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाना है। इसके लिए हमें गुरुओं की तलाश है।
आयोजन में बिहार के रहने वाले भारत सरकार के खेल विभाग के ज्वाइंट सेक्रेटरी कुणाल भी मौजूद रहे। मंत्री आलोक रंजन ने कुणाल से आग्रह किया कि बिहार में केंद्र के चार सेंटर हैं लेकिन वह बंद पड़े हैं इसे भी शुरू करवाया जाए। उन्होंने कहा कि स्टेट एक्सीलेंस सेंटर के लिए हम लोगों ने केंद्र के पास प्रस्ताव भेजा है। केंद्र सरकार इसे स्वीकृत करती है तो बिहार के खेल को काफी मजबूती मिलेगी।
