बिहार में शराब के नापाक धंधे में लगे तस्कर कानून को लगातार चुनौती देने में लगे हैं। ताजा मामला पटना में आया है जहां मुख्यमंत्री आवास से चंद कदम की दूरी पर सर्कुलर रोड में सुरक्षा घेरे को तोड़कर दो शराब तस्कर स्कूटी से भागने की कोशिश कर रहे थे।
दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 7 सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास से एक अणे मार्ग की ओर जा रहे थे। सीएम का काफिला गुजरते वक्त वहां पर पुलिसकर्मियों ने ट्रैफिक का परिचालन कुछ देर के लिए रोक दिया। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंच गए और सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे।
हालांकि मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को स्कूटी के साथ वहीं रोक लिया। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब स्कूटी की तलाशी ली तो उसमें शराब की बोतलें और बीयर की बोतले मिलीं। मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया और सचिवालय पुलिस को सौंप दिया। स्कूटी से शराब और बीयर की सप्लाई कहां हो रही थी पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
