वाइस एडमिरल आर हरि कुमार (R Hari Kumar) को रक्षा मंत्रालय द्वारा भारतीय नौसेना (Indian Navy) का अगला चीफ चुना गया है। वह 30 नवंबर को अपना नया कार्यालय संभालेंगे। वर्तमान में वह पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ हैं। हरि, वर्तमान चीफ एडमिरल करमबीर सिंह (Karambir Singh) की जगह लेंगे।
वाइस एडमिरल कुमार की समुद्री कमान में INS निशंक, मिसाइल कार्वेट, INS कोरा और गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS रणवीर शामिल हैं। INS रंजीत में उन्हें तोपखाना अधिकारी का पद सौंपा गया। उन्होंने साल 1979 में नेशनल डिफेंस अकादमी के 61 कोर्स में भाग लिया और उन्हें जूलियट स्क्वॉड्रन दिया गया। साल 1981 में वह एनडीए से ग्रेजुएट हुए।
12 अप्रैल 1962 को जन्मे वाइस एडमिरल कुमार को 1 जनवरी 1983 को भारतीय नौसेना की कार्यकारी शाखा में कमीशन दिया गया था। वह कई अहम पदों जैसे वाइस चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, चीफ ऑफ पर्सनल, द फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग वेस्टर्न फ्लीट के तौर पर भी काम कर चुके हैं। हरी कुमार अब तक परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजे जा चुके हैं।
