बिहार के सरकारी स्कूलों में अब शारीरिक शिक्षा अनुदेशक से जुड़ी भर्तियां अब जनवरी में निकलेंगी। राज्य में इससे जुड़े 8386 पद रिक्त हैं। इसका कारण यह है की राज्य में अगले तीन महीने वैधानिक कार्यों के कारण नयी बहालियां होने के आसार नहीं हैं। इससे पहले राज्य के मंत्रिपरिषद ने राजकीयकृत प्रारंभिक विद्यालयों में 8386 शारीरिक शिक्षा सह स्वास्थ्य अनुदेशकों के पदों को स्वीकृति दी थी।
मंत्रिपरिषद ने तत्काल प्रभाव से एक-एक विद्यालय में एक-एक अनुदेशक की बहाली पर मुहर लगाई थी। अनुबंध के तहत होने वाली इन भर्तियों में अनुदेशकों को हर महीने 8000 रूपये वेतन मिलेगा और तो और इसमें सालाना 200 रूपये की वृद्धि पर भी मुहर लगाई गई है।
शिक्षा विभाग लम्बे समय से लंबित इस बहाली को यथाशीघ्र करने का मन बना चूका था और अभ्यर्थियों द्वारा हर फोरम पर उठाई जाने वाली मांग के मद्देनज़र पद सृजन से जुड़ा कैबिनेट द्वारा पहले ही स्वीकृत किया जा चूका था लेकिन राज्य में पंचायत चुनाव होने के कारण इसमें विलम्ब के आसार हैं। राज्य में दिसंबर मध्य तक आचार संहिता लागु है इसलिए नयी भर्तियां जनवरी में ही बहाल की जा सकती हैं। भर्तियों पर राज्य के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार, दोनों ने ही कहा कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही नियुक्ति विज्ञापित की जा सकेगी।
केंद्र सरकार ने बिहार समेत कई राज्यों के माध्यमिक स्कूलों में फिजिकल इंस्ट्रक्टर बहाल करने का निर्देश दिया था। राज्य में करीब 29 हज़ार माध्यमिक स्कूल हैं। विभाग के निर्देषानुसार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2018 में 16 दिसंबर को इस पद पर बहाली हेतु परीक्षा ली। परीक्षा में 8039 में से 3500 अभयर्थी सफल घोषित किये गए थे। तब से ये सफल अभयर्थी अपनी भर्ती का इंतज़ार कर रहे हैं।

