मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पंजाब ने लोकेश राहुल और दीपक हुड्डा की शानदार पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 221 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. पंजाब के लिए लोकेश राहुल ने 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 50 गेंदों पर 91 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं दीपक हुड्डा ने 28 गेंदों पर 64 रनों का योगदान दिया.
राजस्थान के लिए संजू सैमसन ने एक शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए अंत तक अपनी टीम को मुकाबले में बनायें रखा. हालांकि उनका ये शतकीय प्रयास अंत में नाकाफी साबित हुआ और राजस्थान की टीम 4 रनों के मामूली अंतर से लक्ष्य को पार करने से चूक गयी. सैमसन ने 63 गेंदों में 12 चौके और 7 छक्कों की मदद से 119 रनों की जबर्दस्त पारी खेली. उन्होंने पांचवे विकेट के लिए रियान पराग के साथ ताबड़तोड़ 53 रन जोड़े.
पंजाब ने 22 रन के स्कोर पर पंजाब ने मयंक अग्रवाल के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया. उन्हें चेतन सकारिया ने आउट किया. इसके बाद क्रीज पर आए क्रिस गेल के साथ सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने दूसरे विकेट के लिए 67 रनों की शानदार साझेदारी की. गेल को रियान पराग ने 10वें ओवर में 40 रन के निजी स्कोर पर पैवेलियन लौटाया. अपनी इस पारी में गेल ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए.

