पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल के लिए प्लेइंग इलेवन का चयन करना बिल्कुल आसान नहीं होने वाला है. उनकी सबसे बड़ी चिंता चार विदेशी खिलाड़ियों का चयन करना होगी. देखने वाली बात यह होगी कि टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज़ डेविड मलान को मौका मिलता है या नहीं. अगर मलान को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है तो क्रिस गेल को बाहर बैठना पड़ेगा.
वहीं राजस्थान की बात करें तो जोस बटलर, बेन स्टोक्स, क्रिस मॉरिस और मुस्ताफिजुर रहमान उनके चार ओवरसीज खिलाड़ी हो सकते हैं. हालांकि, ओपनिंग स्लॉट का सेलेक्शन कप्तान संजू सैमसन के लिए चिंता का विषय होगा. पिछले साल स्टीव स्मिथ ने जो बटलर के साथ बेन स्टोक्स को ओपनिंग स्लॉट में जगह दी थी. अब देखने वाली बात यह होगी कि सैमसन क्या करते हैं.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाज़ों के लिए मुफीद मानी जाती है. हालांकि, शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे ही गेंद पुराना होगा, बल्लेबाज़ी आसान हो जाएगी. शबनम (ओस) के प्रभाव को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है.

