Test Match1Test Match1

रोहित शर्मा ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक लगाते हुए 161 रनों की पारी खेली, जिसकी मदद से भारत की टीम ने पहली पारी में 329 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में 29वीं बार पांच विकेट चटकाए, इसके साथ ही अश्विन बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 200 विकेट चटकाने वाले विश्व के पहले गेंदबाज भी बने। ऑफ स्पिनर ने भारत की सरजर्मी पर सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह को भी पीछे छोड़ दिया है।

भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। टेस्ट का दूसरा दिन पूरी तरह से भारतीय गेंदबाजों के नाम रहा है। रविचंद्रन अश्विन की शानदार गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज बेबस नजर आए और पूरी टीम महज 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऑफ स्पिनर ने अपने करियर में 29वीं बार पांच विकेट झटके। इसी बीच, मैच के दौरान एक अजीब नजारा देखने को मिला, जब विराट कोहली ने फील्डिंग करते समय अचानक हेलमेट को रोहित शर्मा की तरफ फेंक दिया और हिटमैन चोटिल होने से बाल-बाल बच गए।

दरअसल, यह घटना हुई इंग्लैंड की पारी के दौरान हुई, जब ओवर खत्म होने के बाद सभी खिलाड़ी अपनी पोजिशन को चेंज कर रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे विराट कोहली ने अपना हेलमेट उतरा और अचानक से हवा में उछाल दिया, कोहली के हेलमेट फेंकने के वक्त रोहित मैदान के दूसरी छोर पर जा रहे थे और वह खुद के सिर पर हाथ रखकर अपना बचाव करते नजर आए। हालंकि, कोहली को रोहित को चोट पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और वह शुभमन गिल को हेलमेट दे रहे थे। ऋषभ पंत ने भी हेलमेट को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वहां तक पहुंच नहीं सके। कोहली शुभमन गिल की तरफ इशारा करते हुए भी नजर आए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।