Saurabh GaunglySaurabh Gaungly

बीसीसीआई ने विजय हजारे टूर्नामेंट की शुरुआत करते हुए कहा है कि यह टूर्नामेंट पांच शहरों में होगा और सारे मुकाबले बायो बबल एन्वॉयरमेंट के अंदर ही खेले जाएंगे। बीसीसीआई ने हाल में ही इस साल रणजी ट्रॉफी को ना करने का फैसला करते हुए विजय हजारे के आयोजन को लेकर हामी भरी थी। लगभग एक साल के ब्रेक के बाद सैयद मुश्ताक अली से घरेलू क्रिकेट की वाापसी हुई थी। 

विजय हजारे एकदिवसीय टूर्नामेंट का आगाज 20 फरवरी से होगा और फाइनल मुकाबला 14 मार्च को खेला जाएगा। टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों को 13 फरवरी को बायो बबल में आना होगा जिसके बाद उन्हें तीन बार कोविड-19 की जांच से गुजरना होगा। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने शनिवार को कार्यक्रम की घोषणा की जिसमें में छह स्थानों में से पांच का जिक्र है। यह पांच शहर सूरत, इंदौर, बेंगलुरु, कोलकाता, जयपुर है जबकि प्लेट ग्रुप की आठ टीमें तमिलनाडु के अलग-अलग मैदानों में अपने मैच खेलेंगी। बीसीसीआई प्रोटोकॉल के अनुसार खिलाड़ियों को अपने बायो-बबल में शामिल होने से पहले तीन आरटी-पीसीआर टेस्ट से गुजरना होगा। उन्हें सात मार्च से होने वाले नॉकआउट स्टेज (प्री क्वार्टर फाइनल) के शुरू होने से पहले भी ऐसा करना होगा।

बीसीसीआई की अधिसूचना के अनुसार, एलीट ग्रुप ए में गुजरात, चंडीगढ़, हैदराबाद, त्रिपुरा, बड़ौदा, गोवा शामिल होंगे। इनके मैच सूरत में खेले जाएंगे। ग्रुप बी में तमिलनाडु, पंजाब, झारखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, आंध्र प्रदेश शामिल हैं। इसके मैच इंदौर में खेले जाएंगे। ग्रुप सी के मैच बेंगलुरू में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मेजबान कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल, ओडिशा, रेलवे और बिहार छह टीमें होंगी। ग्रुप डी में दिल्ली, मुंबई, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पुडुचेरी की टीमें होंगी और इसके मैच जयपुर में निर्धारित हैं। ग्रुप ई के मैच कोलकाता में खेले जाएंगे जिसमें मेजबान बंगाल के साथ सेना, जम्मू और कश्मीर, सौराष्ट्र, हरियाणा और चंडीगढ़ की टीमें है। प्लेट ग्रुप के मैच तमिलनाडु के विभिन्न मैदानों में आयोजित किए जाएंगे। इसमें उत्तराखंड, असम, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और सिक्किम की टीमें हैं।