Report by Manisha:
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी पर हमला बोला है और कहा है कि बीजेपी सोनार भारत को नष्ट कर करने के बाद सोनार बांग्ला की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का कोई विकल्प नहीं है और राज्य में कोई दूसरी पार्टी इसका स्थान नहीं ले सकती है। बीजेपी जो सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है, लगातार राज्य में कानून-व्यवस्था के नाम पर ममता बनर्जी सरकार को निशाना बना रही है।
गुरुवार को कोलकाता में टीएमसी के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति नेताओं की बैठक में ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी ‘‘और बेहतरी” के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘कोई दूसरी पार्टी हमारा स्थान नहीं ले सकती है क्योंकि टीएमसी ने दुनिया की सबसे जनहितैषी सरकार दी है।” ममता बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा ने ‘सोनार भारत’ को खत्म कर दिया है और अब ‘सोनार बांग्ला’ की बात करती है। उन्होंने कहा कि भगवा दल सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर दुष्प्रचार में संलिप्त है
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘चक्रवात अम्फान से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हमने हरसंभव प्रयास किया लेकिन एक-दो खामियों के लिए हमें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।”बनर्जी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उसने देश ‘‘बेच दिया” है और उसे पश्चिम बंगाल पर नजर डालने से पहले आईना देखना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार को संशोधित नागरिकता कानून वापस ले लेना चाहिए और दावा किया कि इसका अस्तित्व देश के नागरिकों के लिए ‘‘खतरा” बना रहेगा। आपको बता दें कि राज्य में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वही 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 42 सीटों में से 18 पर जीत दर्ज की थी। अब विधान सभा के लिए अमित शाह ने 200 प्लस सीट जीतने का लक्ष्य रखा है.

