हाल ही में 8वीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ लेने वाले नीतीश कुमार और उनके महागठबंधन की सरकार जल्द ही बिहार विधान सभा में अपनी बहुमत साबित करने वाली है। आपको बता दें कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई महागठबंधन सरकार आने वाले 24 अगस्त को विधानसभा में बहुमत साबित करेगी। 24 अगस्त को एक दिवसीय विधानसभा का सत्र बुलाया गया है।
बता दें कि 24 अगस्त को ही बिहार विधानसभा को नया अध्यक्ष भी मिल जाएगा। यानि उसी दिन बीजेपी कोटे के सभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को हटा कर महागठबंधन द्वारा सदन में सबसे पहले स्पीकर का चुनाव होगा, इसके बाद नीतीश सरकार अपना बहुमत साबित करेगी।
पवन कुमार पांडेय जो विधानसभा के प्रभारी सचिव हैं उन्होंने बताया कि विशेष सत्र 24 अगस्त को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसकी सूचना सभी सदस्यों को भेज दी गई है। सभी विधायकों को निर्धारित तारीख पर विधानसभा में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।
उधर बिहार विधानसभा के मौजूदा स्पीकर विजय सिन्हा 15 अगस्त के बाद ही अपना इस्तीफा देंगे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराने के बाद वे अपना पद छोड़ देंगे। बताया जा रहा है कि स्पीकर सिन्हा अभी दिल्ली दौरे पर हैं और बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। 15 अगस्त के बाद वे कभी भी इस्तीफा दे सकते हैं।
24 अगस्त को एक दिवसीय विधानसभा का सत्र बुलाय जाने के बाद 25 अगस्त को विधान परिषद का भी एक दिवसीय सत्र बुलाया गया है। इस दिन सभापति का चुनाव होगा। विधानपरिषद के कार्यकारी सचिव विनोद कुमार ने इसकी जानकारी दी। बीजेपी अवधेश नारायण अभी विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हैं। उनकी जगह महागठबंधन से किसी को सभापति बनाया जाएगा।
