बिहार (Bihar) में जहरीली शराब की वजह से होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। सारण (Saran) के छपरा (Chhapra) में ज़हरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हुई और कई लोग बीमार हो गए। इस घटना में लगभग दो दर्जन लोग बीमार हैं और कई लोगों के आंख खराब हो गई है। सारण के डीएम राजेश मीणा ने बताया कि इलाके में मेडिकल टीम भेजी गई है। हर घर की तलाशी होगी। फ़िलहाल पुलिस ने एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मकेर थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा और गांव के चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है।
बता दें की जिले के मकेर और भेल्दी की इस घटना में गुरुवार की देर रात तक 7 लोगों की मौत हुई थी जो अब बढ़कर 11 हो गई। ग्रामिणों ने दावा किया है कि सबकी मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। जहरीली शराब से प्रभावित तकरीबन 30 लोग पीएमसीएच में भर्ती कराए गए थे जिनमें कई लोगों की मौत हो चुकी है। कई बीमार अभी भी पीएमसीएच में भर्ती हैं जिनकी हालत खराब है।
जहरीली शराब कांड के बाद मकेर के भाथा नोनिया टोली में दहशत का आलम है। मरने वालों में भेल्दी थाने के सोनहो भाथा गांव के पारस महतो का पुत्र चंदन महतो, मकेर थाने के फुलवरिया भाथा नोनिया टोली गांव के काशी महतो का पुत्र कमल महतो, भरोसा महतो का पुत्र ओमनाथ महतो, विलास महतो का पुत्र चंदेश्वर महतो, रामायण महतो का पुत्र चंदेश्वर महतो समेत राजनाथ महतो, शकलदीप महतो, धनिलाल महतो, चंदेश्वर महतो, विश्वनाथ महतो, लखन महतो, कामेश्वर महतो शामिल है। डीएम और एसपी मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
