बिहार में एक तरफ जहां अग्निपथ योजना का युवाओं और छात्रों द्वारा विरोध हो रहा है और पुलिस प्रशासन उनपे काबू पाने की कोशिश में है। वहीं दूसरी ओर बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार में शराबबंदी के बीच वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र से पुलिस ने 545 कार्टन विदेशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें, बिहार में शराबबंदी होने के बाद भी प्रदेश भर में अवैध रूप से शराब की खरीद बिक्री होती है। लेकिन इसी बीच वैशाली जिले की पुलिस ने एक ट्रक से 545 कार्टन शराब बरामद की है। जिसकी कीमत 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार, 20 जून को बताया कि सूचना के आधार पर रविवार की देर रात बेलियासराय गांव स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की गई। इस दौरान ट्रक पर लदी 545 कार्टन हरियाणा निर्मित विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 45 लाख रुपये है। जो हरियाणा से बिहार लाया जा रहा था।
मीडिया से मिल रही जानकारी के मुताबिक मौके से ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनसे पुलिस की पूछताछ जारी है। पूरे राज्य में शराब माफिया सक्रिय हैं। और वे रोजाना नए तरीकों से दूसरे राज्यों से तस्करी कर शराब लाते हैं और फिर बिहार में बेचने की कोशिश करते हैं।
