कर्नाटक से राज्यसभा के चुनाव में चौथी सीट पर कब्जा करने के लिए राजनीतिक दलों के बीच लड़ाई जारी है। इसी बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने आगामी राज्यसभा (Rajya Sabha) चुनाव के लिए कर्नाटक (Karnataka) से अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपना नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी एम के विश्वालक्ष्मी को सौंपा। सीतारमण के साथ कन्नड़ अभिनेता जग्गेश (Jaggesh) ने भी नामांकन दाखिल किया। राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना छह साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सीतारमण की कर्नाटक से अपने दूसरे कार्यकाल पर नजर है।
भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण को क्रमश: महाराष्ट्र और कर्नाटक से उम्मीदवार घोषित किया। इन 16 उम्मीदवारों में से छह उत्तर प्रदेश से हैं। नामांकन पत्र जमा करने से पहले, निर्मला सीतारमन ने गवी गंगाधरेश्वर मंदिर का दौरा किया और विशेष पूजा-अर्चना की।
राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करते वक्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, पूर्व सीएम बीएसवाई येदियुरप्पा, बीजेपी अध्यक्ष नलिन कुमार कतील, मंत्री मधुस्वामी, आर अशोक, मुनिरत्न और वी सोमन्ना भी मौजूद थे। इन चार सीटों पर 10 जून को मतदान होना है। जीत के लिए जहां 45 वोट चाहिए, वहीं JD(S) और BJP के पास 32-32 और कांग्रेस के पास 25 वोट हैं। अन्य तीन सीटों पर भाजपा को दो और कांग्रेस को एक पर जीत की उम्मीद है।
