छोटे बच्चों या नवजात को यात्रा में ले जाने के बारे में काफी सोचना पड़ता है। खासतौर पर ट्रेनों में जहां सीट पर छोटे बच्चों को लेकर मां के लिए एडजस्ट करना मुश्किल हो जाता है। अब छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेल यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने एक नया कदम उठाया है। दरअसल, उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने अपनी एक ट्रेन में बेबी बर्थ की शुरुआत की है। ये बेबी बर्थ (Baby Berth) फ़िलहाल एक्सपेरिमेंटल तौर पर है।
रेल मंत्रालय (Ministry Of Railways) ने फोल्डेबल बेबी बर्थ की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें बच्चों को गिरने से बचाने के लिए रेलिंग लगी हुई है और इसे स्टॉपर से भी सुरक्षित किया गया है। रेल मंत्रालय ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “अपने बच्चों के साथ यात्रा करने वाली माताओं के लिए यात्रा में आसानी की सुविधा। भारतीय रेलवे ने प्रायोगिक आधार पर लखनऊ मेल 12229/30, कोच नंबर 194129/बी4, बर्थ नंबर 12 और 60 में बेबी बर्थ की शुरुआत की। फिटेड बेबी बर्थ फोल्डेबल है और स्टॉपर से सुरक्षित है।”
उत्तर रेलवे ने लखनऊ मेल के लोअर बर्थ में बेबी बर्थ लगाया है। इस ट्रेन के दो बर्थ पर यह व्यवस्था की गई है। इन कोचों के दोनों सिरों पर दूसरे केबिन के 12 और 60 मुख्य बर्थों में 770 मिमी लंबाई, 255 मिमी चौड़ाई और साथ ही 76.2 मिमी ऊंचाई वाले दो बेबी बर्थ लगाए गए। एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर शुरू हुई इस सुविधा पर यात्रियों की प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसे और ट्रेनों में बढ़ाया जा सकता है।
