एक्टर अजय देवगन ने कन्नड़ स्टार किच्चा सुदीप के उस बयान पर मुंह तोड़ जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदी अब राष्ट्र भाषा नहीं है। उनके बयान पर अजय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर उन्हें जवाब देते हुए एक सवाल भी किया है।
अजय देवगन ने ट्विटर पर लिखा है, ‘किच्चा सुदीप मेरे भाई, आपके अनुसार अगर हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा नहीं है तो आप अपनी मातृभाषा की फिल्मों को हिंदी में डब करके क्यों रिलीज करते हैं?’ हिंदी हमारी मातृभाषा और राष्ट्रभाषा थी, है और हमेशा रहेगी, जन गण मनl’
इसके पहले किच्चा सुदीप ने एक इंटरव्यू में केजीएफ चैप्टर 2 की सफलता पर बात करते हुए कहा था, ‘हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं हैl’ दरअसल, सोशल मीडिया पर सुदीप का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उनसे एक व्यक्ति ने कहा कि एक पैन इंडिया फिल्म कन्नड़ में बनाई गई। इस पर सुदीप ने कहा, ‘मैं करेक्शन करना चाहता हूं। हिंदी अब राष्ट्रीय भाषा नहीं रही। बॉलीवुड अब पैन इंडिया फिल्म बना रहा है। वो लोग तमिल और तेलुगु में फिल्में डब कर सक्सेस के लिए स्ट्रगल कर रहे हैं। फिर भी वह कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। लेकिन, आज हम लोग ऐसी फिल्में बना रहे हैं, जो हर जगह देखी और सराही जा रही है।’
अजय देवगन के अलावा बॉलीवुड के सिने संगठन FWICE ने भी किच्चा सुदीप के बयान पर ऐतराज जाहिर किया है। FWICE के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने कहा, ‘किच्चा सुदीप का बयान गैर जिम्मेदाराना है। हम इसकी निंदा करते हैं। उन्हें माफी मांगनी चाहिए। अगर वो फिर भी अड़े रहते हैं तो आगे से हम उनके और साउथ की बाकी फिल्मों के नॉर्थ में रिलीज और वॉर्म वेलकम पर दोबारा से विचार करेंगे।’
