Section 144Section 144

गणतंत्र दिवस (Republic Day) से पहले आज (शनिवार, 23 जनवरी) फुल ड्रेस रिहर्सल (Republic Day 2021 Full Dress Rehearsal) का आयोजन किया जा रहा है. रिहर्सल शुरू हो चुकी है. यह सुबह 10 बजे से लेकर 11:35 तक होगी. हर वर्ष की भांति राजपथ पर इसका आयोजन किया गया है. रिहर्सल के दौरान एक तरफ सैनिक कदम ताल करते नजर आ रहे हैं, तो प्रमुख बैटल टैंक T90 भी नजर आ रहे हैं. रिहर्सल में आगे सुपर सोनिक मिसाइल ब्रह्मोस भी दिखाई देगी और NSG के ब्लैक कैट कमांडो भी.

गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की जा रही है. वहीं, दिल्ली से सटे नोएडा में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम फैसला लिया गया है. गणतंत्र दिवस को देखते हुए नोएडा में 31 जनवरी तक धारा 144 लागू की गई है. नोएडा पुलिस ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर 31 जनवरी तक नोएडा में धारा 144 लगाई गई है. लोगों को बिना इजाजत किसी भी तरह का जुलूस या प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं होगी. अतिरिक्त डीसीपी (कानून एवं व्यवस्था) आशुतोष द्विवेदी ने कहा, “लोगों को निजी ड्रोन उड़ाना, सार्वजनिक स्थल पर ड्रिंक करना, ट्रैफिक जाम और हथियार रखने की भी अनुमति नहीं होगी.”

इसके अलावा पुलिस ने शादी या अन्य समारोह पर हर्ष फायरिंग पर भी पाबंदी लगाई है. पुलिस ने ये भी कहा कि ऐसे ऑडियो या वीडियो भी ना चलाए जाएं जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो. साथ ही किसी को भी बिना इजाजत के भूख हड़ताल भी करने नहीं दिया जाएगा. इसके अलावा कोई भी सड़क पर डंडा, रॉड या हथियार लेकर नहीं घूम सकता है. सिर्फ दिव्यांग को डंडा रखने की इजाजत होगी. धारा 144 का उल्लंघन करने वाले शख्स पर धारा 188 के तहत मुकदमा चलाया जाएगा.