modi

सिख गुरु तेग बहादुर का 400वां प्रकाश पर्व 21 अप्रैल को है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। संस्कृति मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। इससे पहले पीएम मोदी स्वतंत्रता दिवस से इतर 21 अक्तूबर 2018 को भी लाल किले से देश को संबोधित कर चुके हैं। तब केंद्र सरकार ने आजाद हिंद फौज के 75 वर्ष पूरे होने पर लाल किले पर आयोजन किया था।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी सिख गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर एक विशेष सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि इस मौके पर 400 रागी (सिख संगीतकार) ‘शबद कीर्तन’ का गायन करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति मंत्रालय द्वारा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से किया जाएगा।

मंत्रालय ने कहा कि इस कार्यक्रम में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और देश व दुनिया की कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगी। सिख गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के मौके पर इस कार्यक्रम का आयोजन ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत किया जा रहा है। पिछले साल भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौवें सिख गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व (जन्म उत्सव) पर दिल्ली स्थित शीशगंज गुरुद्वारा पहुंचे और माथा टेककर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थींं।

Join Telegram

Join Whatsapp