भारत ने श्रीलंका (IND vs SL) को पहले टेस्ट मैच में एक पारी और 222 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। इसी के साथ रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया ने पहली टेस्ट जीत दर्ज की है और दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। मोहाली के आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले को रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की टीम ने पारी और 222 रन से अपने नाम किया।
मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 574 रन पर घोषित की थी। आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप टेबल में टॉप पर चल रही श्रीलंका की पहली पारी 174 और दूसरी पारी 178 रन पर सिमट गई।
पहली पारी में 400 रन की बढ़ मिलने के बाद भारतीय टीम ने दोबारा बल्लेबाजी करने की जगह श्रीलंका को फॉलोऑन देने का फैसला किया। श्रीलंका को दूसरी पारी की शुरुआत में ही पहला झटका लगा। पारी के तीसरे ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने लहिरु थिरिमाने (0) को आउट किया। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले पथुम निसांका भी 6 रन बनाकर अश्विन का शिकार बने। 44 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद एंजलो मैथ्यूज और धनंजया डी सिल्वा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई।
जडेजा ने धनंजया को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। अश्विन ने चरिथ असलंका को आउट किया। इस विकेट के साथ ही वे कपिल देव को पीछे छोड़कर टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। भारत ने 121 रन पर श्रीलंका के 7 विकेट चटका लिए थे। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भारत के गेंदबाजों को परेशान किया। श्रीलंका की पारी 178 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में भारत के लिए जडेजा ने 4 विकेट लिए। भारत की तरफ से रविंद्र जडेजा ने दोनों पारियों में मिलाकर कुल 9 विकेट लिए जबकि अश्विन ने छह विकेट हासिल किए।
