गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है है। सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लिस की खुफिया विंग ने सभी जिला पुलिस को अत्यधिक चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। खासकर संवेदनशील इलाकों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। गणतंत्र दिवस पर जिला और राज्य मुख्यालय में होनेवाले मुख्य समारोह स्थल पर भी सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा को लेकर पुलिस की गश्ती भी बढ़ा दी गई है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मुख्य बाजार सहित सार्वजनिक स्थलों में विशेष रूप से निगरानी बरती जा रही है। जिला पुलिस को महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा चाक-चौबंद रखने की हिदायत दी गई है। वहीं संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने और खुफिया जानकारी इक्ट्ठा करने को कहा गया है। बड़े बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर हर आने-जाने वालों पर नजर रखने के साथ इन जगहों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा होटल, लॉज और धर्मशालों में ठहरनेवालों की चेकिंग को कहा गया है।
गणतंत्र दिवस जैसे अवसरों पर नक्सली अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अक्सर घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं, लिहाजा नक्सल विरोधी अभियान में लगे सुरक्षाबलों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। वहीं नेपाल से लगी बिहार की सीमा पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया है। सीमावर्ती इलाके के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी के साथ हर आने-जाने वाली गाड़ियों और राहगीरों की जांच-पड़ताल करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
